Sunday, July 7, 2024

'वांटेड' के साथ रेस्टोरेंट में बैठे थे 2 सब इंस्पेक्टर, दूसरा अपराधी बना रहा था वीडियो, वायरल हो गया तो हो गए सस्पेंड

मथुराः उत्तर प्रदेश में मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने गोवर्धन थाने पर तैनात 2 सब इंस्पेक्टर्स का वांछित अभियुक्तों के साथ बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तत्काल प्रभाव से उनको निलंबित कर दिया और जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पिछले हफ्ते गोवर्धन पुलिस के दो उप निरीक्षकों की वहां के दो साइबर अभियुक्तों के साथ होटल में पार्टी करते हुए वीडियो वायरल हो गया। पुलिस निरीक्षक और जिला पुलिस के प्रवक्ता अजय किशोर ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने यह मामला संज्ञान में आने पर गोवर्धन थाना क्षेत्र की पलसों पुलिस चौकी प्रभारी अनुज कुमार तिवारी व थाने पर तैनात सुरेंद्र सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया तथा उनके खिलाफ जांच के आदेश दिये हैं।पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें गोवर्धन थाने के उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह यादव तथा अनुज कुमार तिवारी गोवर्धन क्षेत्र के देवसेरस गांव के दो शातिर वांछितों शाहिद व साकिर के साथ रेस्तरां में बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो खुद वांछित अभियुक्त शाहिद ने बनाया है, जिसमें पहले वो खुद बाल संवारता हुआ दिखता है और फिर अपने साथी साकिर को दिखाते हुए दोनों दरोगाओं पर भी कैमरा घुमाता हुआ वापस लाता है।उसने 20 सेकेण्ड का यह वीडियो पहले तो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया, लेकिन कुछ ही समय बाद हटा भी लिया। लेकिन तब तक लोगों ने उसे सेव कर पोस्ट करना शुरू कर दिया और बड़ी संख्या में लोगों के बीच यह वीडियो पहुंच गया। जिसके बाद एसएसपी ने यह कार्रवाई की है।


from https://ift.tt/SDJUHVw

Saturday, July 6, 2024

कैथोलिक चर्च मिटाएगा दामन पर लगे दाग! कनाडा के सबसे बड़े बाल यौन शोषण स्कैंडल में देगा 7.6 करोड़ डॉलर मुआवजा

ओटावा: कैथोलिक चर्च ने कनाडा के सबसे बड़े बाल यौन शोषण स्कैंडल के सैकड़ों पीड़ितों को मुआवजा देने की घोषण की है। शुक्रवार को जारी एक बयान के अनुसार, कैथोलिक चर्च पूर्वी कनाडा के सैकड़ों यौन शोषण पीड़ितों को 104 मिलियन कनाडाई डॉलर (लगभग 6.34 अरब भारतीय रुपये) का भुगतान करेगा। अमेरिकी डॉलर में यह रकम 76 मिलियन होगी। साल 2020 में सेंट जॉन के आर्चडायोसिस को बच्चों के यौन शोषण का दोषी पाया गया था। कनाडा के न्यूफाउंडलैंड और लेब्राडोर प्रांत में स्थित माउंट कैशेल अनाथालय में हुए इस स्कैंडल को कनाडा का सबसे बड़ा बाल यौन शोषण कांड कहा जाता है। बालकों के इस अनाथालय को अब बंद किया जा चुका है।

दशकों तक चला था यौन शोषण

अदालत ने पाया था कि अनाथालय में पादरियों और अन्य चर्च अधिकारियों ने 1940 में यौन शोषण शुरू किया था, जो कई दशकों तक जारी रहा। समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 291 पीड़ितों को 55,000 से 850,000 कनाडाई डॉलर का भुगतान किया जाएगा। पीड़ितों को दी जाने वाली राशि निर्धारित करने के लिए अकाउंटिंग फर्म अर्न्स्ट एंड यंग को तीसरे पक्ष के मध्यस्थ के रूप में चुना गया है।

इमारतों को बेचकर जुटाए 40 मिलियन डॉलर

मुकदमें पीड़ितों का पक्ष रखने वाले वकीलों में से एक ज्योफ बुडेन ने एएफपी को बताया कि यह राशि अन्य अदालतों से मिलने वाले समान मुआवजे के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि लोगों को वास्तव में समस्या के इस तरह से व्यापक पैमाने पर होने का अंदाजा नहीं था। सेंट जॉन के आर्चडायोसिस ने 2021 में खुद को दिवालिया घोषित कर दिया था। हालांकि, इसने अपनी इमारतों को बेचकर 40 मिलियन कनाडाई डॉलर जुटाए हैं। बुडेन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पीड़ितों को अदालत द्वारा दी गई पूरी राशि मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी ऐसी संपत्तियां हैं, जिनका प्रसंस्करण किया जाने की जरूरत है। इनमें बीमा उत्पाद भी शामिल हैं।


from https://ift.tt/KS3qlDN

Friday, July 5, 2024

सिर्फ 10,000 रुपये महीने से 7 करोड़, ऐसा बंपर रिटर्न देने वाली स्‍कीम कौन?

नई दिल्‍ली: एसबीआई कॉन्ट्रा फंड ने 25 साल पूरे कर लिए हैं। यह भारत की पहली कॉन्ट्रा-ओरिएंटेड म्यूचुअल फंड स्कीम है। जुलाई 1999 में शुरू हुआ यह फंड अपने निवेशकों को अब तक 19.99% का रिटर्न दे चुका है। इस मौके पर फंड ने अपने शानदार प्रदर्शन के आंकड़े भी जारी किए हैं। कॉन्ट्रा-ओरिएंटेड का मतलब है कि यह फंड उन कंपनियों में निवेश करता है जो बाजार के उलट दिशा में प्रदर्शन कर रही होती हैं। जुलाई 1999 में शुरू हुए ने अपने निवेशकों को अब तक शानदार रिटर्न दिया है। यह 19.99 फीसदी रहा है। इसके मुकाबले में इसके बेंचमार्क बीएसई 500 टीआरआई ने 16.12 फीसदी का रिटर्न दिया है। अपने बेंचमार्क से बेहतर प्रदर्शन स्‍कीम की निवेश रणनीति की कुशलता का प्रमाण है।

10 हजार का SIP बना देता कई करोड़ का मालिक

फंड लॉन्च के समय से अगर कोई हर महीने 10,000 रुपये का SIP करता आ रहा होता तो 30 जून तक उसकी कुल रकम 7.19 करोड़ रुपये हो गई होती। इससे 20.84 फीसदी का XIRR रिटर्न मिलता। स्कीम ने 15 साल में 17.94 फीसदी, 10 साल में 21.84 फीसदी और पांच साल में 35.62 फीसदी का SIP रिटर्न दिया है। तीन साल में स्कीम ने 34.25 फीसदी SIP रिटर्न और एक साल में 48.68 फीसदी रिटर्न दिया है। वहीं, बेंचमार्क बीएसई 500 टीआरआई ने 15 साल में 15.86 फीसदी, 10 साल में 17.73 फीसदी, पांच साल में 24.82 फीसदी, तीन साल में 25.40 फीसदी और एक साल में 43.02 फीसदी का रिटर्न दिया।

क‍ितना हो जाता 1 लाख रुपये का न‍िवेश?

अगर किसी निवेशक ने फंड के लॉन्च के समय इसमें एकमुश्त 1 लाख रुपये का निवेश किया होता तो 28 जून तक उसका निवेश बढ़कर 95.3 लाख रुपये हो गया होता। 30 जून, 2024 तक इस स्कीम के पास 34,366 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। इसके 20.5 लाख से ज्‍यादा निवेशक हैं। स्कीम का प्रबंधन दिनेश बालचंद्रन और प्रदीप केसवन करते हैं। यह स्कीम उन निवेशकों के लिए उपयुक्त है जो लंबे समय के लिए पूंजी में बढ़ोतरी चाहते हैं। साथ ही जिनकी इच्‍छा कॉन्ट्रेरियन निवेश रणनीति के तहत इक्विटी और इक्विटी से जुड़े प्रतिभूतियों के विविध पोर्टफोलियो में निवेश करना है।

स्‍कीम ने कहां किया है कितना निवेश?

इस स्कीम का पोर्टफोलियो 88 शेयरों का है। शीर्ष 10 शेयर पोर्टफोलियो का 22.73% हिस्सा बनाते हैं। स्कीम का लार्ज कैप में 37.69%, मिड कैप में 25.14%, स्मॉल कैप में 13.86% और अन्य में 23.31% आवंटन है। एसबीआई कॉन्ट्रा फंड का बैंकों में सबसे ज्‍यादा 14.22%, हेल्थकेयर और ऑटोमोबाइल्स और एंसिलरीज में 7.14%, क्रूड ऑयल में 5.95%, पावर में 5.47%, इंडस्ट्रियल गैस और फ्यूल में 4.46%, आईटी में 3.30%, निर्माण सामग्री में 2.85%, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2.72% और आयरन ओर में 2.57% आवंटन है।


from https://ift.tt/TtHr9Cd

Thursday, July 4, 2024

ब्रिटेन चुनाव: क्या UK में रहने वाले भारतीयों के मन से उतर चुके हैं पीएम ऋषि सुनक, कारण क्या है?

लंदन: ब्रिटेन का ऐतिहासिक आम चुनाव ऋषि सुनक के लिए ऐसे समय पहली वास्तविक परीक्षा है जब ब्रिटिश-भारतीय समुदाय के लिए ब्रिटेन में भारतीय मूल के पहले प्रधानमंत्री पर गर्व की भावना जीवनयापन संबंधी संकट और कंजरवेटिव पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के 14 साल के शासन से निराशा के कारण गौण हो सकती है। लोगों ने नयी सरकार चुनने के लिए आज मतदान प्रक्रिया में भाग लिया।

सर्वे में लेबर पार्टी को बढ़त

परिणाम तो मतगणना के बाद ही पता चलेगा लेकिन चुनाव की पूर्व संध्या पर 'द टाइम्स' के लिए यूगोव द्वारा बड़े पैमाने पर किए गए अंतिम सर्वेक्षण से पता चलता है कि विपक्षी लेबर पार्टी को बहुमत मिल सकता है। अंतिम परिणाम जो भी हो, लेकिन यह स्थिति उस राजनीतिक उथल-पुथल की प्रतिबिंब है जिसके चलते ऋषि सुनक अपने ही नेतृत्व के खिलाफ आगे बढ़कर प्रधानमंत्री बने थे।

कंजरवेटिव पार्टी की विदाई तय

ब्रिटिश फ़्यूचर थिंक टैंक के निदेशक सुंदर कातवाला ने कहा, ''मुझे लगता है कि ब्रिटिश भारतीय मतदाताओं के लिए विशेष रूप से यह चुनाव बाकी मतदाताओं की तरह ही है। उनके पास सरकार बनाए रखने या हटाने का विकल्प है और कंजरवेटिव सरकार के 14 वर्षों के बाद लोगों का मूड इसे बनाए रखने की तुलना में बदलाव के लिए कहीं अधिक है।''

सुनक से भारतीय मूल केे मतदाताओं में निराशा

उन्होंने कहा, ''ऋषि सुनक के लिए परिणाम बेहतर नहीं रहता है तो मुझे लगता है कि अफ़सोस और निराशा की भावना होगी क्योंकि उन्हें लेकर बहुत गर्व था... लेकिन लोग उस आधार पर अपना मतदान विकल्प नहीं चुनेंगे। और इसीलिए मुझे लगता है, अधिकतर ब्रिटिश भारतीय मतदाता ऋषि सुनक को बनाए रखने के लिए वोट करने के बजाय बदलाव के लिए मतदान करने जा रहे हैं, भले ही वे भारतीय विरासत के पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री होने की उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि से खुद को गौरवान्वित महसूस करते हैं।'' सुनक का राजनीतिक भविष्य किस ओर जाएगा, यह शुक्रवार को चुनाव का अंतिम परिणाम आने के साथ ही तय हो जाएगा।


from https://ift.tt/U3sBIuO

Wednesday, July 3, 2024

हाथरस भगदड़ के बाद जागी यूपी पुलिस, आगरा में भोले बाबा के दो सत्संगों की अनुमति रद्द

आगरा: उत्तर प्रदेश के हाथरस में मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत के बाद इस जिले में साकार विश्व हरि भोले बाबा के दो सत्संग (धार्मिक समागम) रद्द कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इनमें से एक सत्संग चार से 11 जुलाई तक सैयां में तथा दूसरा 13 से 23 जुलाई तक शास्त्रीपुरम में आयोजित होना था।पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) सोनम कुमार ने कहा, ‘हाथरस की घटना के बाद आगरा जिले के सैयां में भोले बाबा की ‘सत्संग सभाओं’ की अनुमति रद्द कर दी गई है। सत्संग चार जुलाई से 11 जुलाई तक आयोजित होने थे।’उन्होंने कहा, ‘आगरा शहर के सिकंदरा स्थित शास्त्रीपुरम में 13 से 23 जुलाई तक होने वाला एक अन्य कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है।’यह घटनाक्रम मंगलवार को हाथरस जिले के फुलरई गांव में साकार विश्व हरि भोले बाबा के सत्संग में हुई भगदड़ के बाद सामने आया है। भगदड़ में 121 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। ‘सत्संग’ के लिए फुलरई गांव में हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए थे।


from https://ift.tt/cS2tJYB

Tuesday, July 2, 2024

आखिर किसके फायदे के लिए सेना के बारे में इतना झूठ फैलाया जा रहा है, मोदी ने उठाए सवाल

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर सेना में भर्ती को लेकर सरासर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को सवाल किया कि आखिर किसके फायदे के लिए सेना के बारे में इतना झूठ फैलाया जा रहा है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए मोदी ने कहा कि सेना में भर्ती को लेकर कांग्रेस की ओर से सरासर झूठ फैलाया जा रहा है ताकि नौजवान सेना में न जाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं को सेना में जाने से रोकने के लिए झूठ फैलाया जा रहा है। मैं जानना चाहता हूं कि आखिर किसके लिए कांग्रेस हमारी सेनाओं को कमजोर करना चाहती है। किसके फायदे के लिए (कांग्रेस) सेना के बारे में इतना झूठ फैला रही है।गालियां खाकर भी हम मुंह पर ताला लगाए हैं- मोदीपीएम मोदी ने कहा कि उनके कार्यकाल में सेना में व्यापक सुधार किया गया है और सेना का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को युवाओं पर भरोसा होना चाहिए और काल, परिस्थितियों और समय के हिसाब से सरकार लगातार सैन्य बलों में सुधार कर रही है। उन्होंने अग्निपथ योजना के बारे में परोक्ष रूप से कहा हम युद्ध योग्य सेना बना रहे हैं। आज युद्ध की परिस्थितियां, तकनीक और तौर-तरीके बदल रहे हैं, इसलिए हम अपने अनुसार रक्षा सुधार का प्रयास कर रहे है। गालियां खाकर भी हम मुंह पर ताला लगाकर रक्षा क्षेत्र में सुधार कर रहे हैं।भारतीय सेनाओं को ताकतवर होते नहीं देख सकतेउन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग कभी भी भारतीय सेनाओं को ताकतवर होते नहीं देख सकते। उन्होंने यह भी कहा कौन नहीं जानता कि पंडित जवाहर लाल नेहरू के समय देश की सेना कितनी कमजोर होती थी। हमारी सेनाओं में कांग्रेस ने लाखों करोड़ों रुपये के घोटाले किए, जिसने देश की सेना को कमजोर किया। जब से देश आजाद हुआ तब से कांग्रेस ने जल, थल और वायु (सेनाओं) में भ्रष्टाचार की परम्परा बनाई। जीप घोटाले से लेकर पनडुब्बी और बोफोर्स घोटाले का हवाला देते हुए कहा कि इन घोटालों ने देश की ताकत बढ़ने से रोकी।वन रैंक वन पेंशन को एनडीए ने लागू कियाप्रधानमंत्री ने एक रैंक, एक पेंशन (ओआरओपी) के मामले में कांग्रेस पर पूर्व सैनिकों की आंख में धूल झोंकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ओआरओपी को खत्म किया और दशकों तक कांग्रेस ने इसे लागू नहीं होने दिया, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार ने संसाधन सीमित होने के बावजूद ओआरओपी लागू किया।


from https://ift.tt/nvPzf8D

Monday, July 1, 2024

वसुंधरा राजे योजना लेकर आई, हम आगे बढ़ा रहे, ERCP पर कांग्रेस को घेरते हुए जानें क्या बोले CM भजनलाल शर्मा

जयपुर। पूर्व राजस्थान नहर परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक बार फिर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ईआरसीपी पर सिर्फ राजनीति की। न केवल ईआरसीपी बल्कि यमुना का पानी लाने की योजना में भी कोई कार्रवाई करने के बजाय सिर्फ राजनीति की। भाजपा ने सत्ता में आते ही ईआरसीपी को लेकर मध्यप्रदेश सरकार के साथ समझौता किया और केंद्र सरकार ने इसे राष्ट्रीय परियोजना के रूप में मंजूरी भी दे दी। ईआरसीपी के अंतर्गत कई इलाके जोड़े गए हैं। विराट नगर क्षेत्र को भी ईआरसीपी से जोड़े जाने पर सोमवार 1 जुलाई को क्षेत्र के भाकरी गांव में अभिनंदन कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम भजनलाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस योजना को लेकर आई है और हम इसे आगे बढा रहे हैं।

ईआरसीपी का पानी आने पर खेतों में सोना उगलेगा

कांग्रेस पर तंज कसते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि आलू से सोना तो नहीं बन सकता लेकिन अगर किसान को खेती के लिए पर्याप्त पानी मिल जाए तो वह मिट्टी से सोना जरूर उगा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पिछली सरकार ने ईआरसीपी पर काम किया। इस योजना को मूर्त रूप देकर आगे बढ़ाया लेकिन कांग्रेस ने पिछले पांच साल इस मामले पर केवल राजनीति की। ईआरसीपी को लेकर एक भी पत्र संबंधित मंत्रालय को नहीं लिखा। केंद्र की ओर से बैठक में बुलाए जाने के बाद भी ना तो तत्कालीन मुख्यमंत्री और ना ही जलदाय विभाग के मंत्री बैठक में शामिल हुए। यहां तक कि यमुना के पानी के लिए भी कभी केंद्र सरकार या दूसरे पक्ष को पूर्ववर्ती सरकार ने एक पत्र तक नहीं भेजा।

विराट नगर के 3 बांधों को जोड़ा गया ईआरसीपी से

कोटपूतली विराट नगर क्षेत्र के तीन बांधों छितोलीं, जवानपुरा धाबाई और बुचारा को ईआरसीपी योजना में जोड़ा गया है। इस उपलक्ष में स्थानीय लोगों की ओर से भाकरी गांव में धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपने संबोधन में सीएम भजनलाल शर्मा ने जल संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान का किसान पानी के लिए परेशान है क्योंकि कई इलाकों में जल स्तर काफी नीचे चला गया है। कई इलाके तो ऐसे भी हैं जहां पीने का पानी तक नहीं है। ऐसे में हम सब का दायित्व है कि हम जल का संरक्षण करें।


from https://ift.tt/Sk9JXa1