Sunday, June 30, 2024

सबसे खतरनाक कैटेगरी 4 में तब्दील हुआ हरिकेन बेरिल, जानें क्या रहेगा US में असर

: दक्षिण-पूर्वी कैरिबियन की ओर बढ़ते हुए हरिकेन बेरिल अत्यंत खतरनाक कैटेगरी चार में तब्दील हो गया है। नेशनल हरिकेन सेंटर ने रविवार (30 जून) को यह जानकारी दी। अटलांटिक के पार पश्चिम की ओर बढ़ने के साथ ही इसके और मजबूत होने की संभावना है। सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वानुमानकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अटलांटिक हरिकेन सीजन 2024 का पहला बड़ा तूफान सोमवार (1 जुलाई) को विंडवार्ड द्वीप समूह में जानलेवा हवाएं और तूफानी लहरें लेकर आ सकता है।ईस्टर्न टाइम के अनुसार, रविवार सुबह 11:35 बजे तक बेरिल बारबाडोस से लगभग 350 मील पूर्व-दक्षिणपूर्व में स्थित था, जहां अधिकतम 130 मील प्रति घंटे की गति से हवाएं चल रही थीं और यह 21 मील प्रति घंटे की गति से पश्चिम की ओर बढ़ रहा था। हरिकेन बेरिल को लेकर बारबाडोस, सेंट लूसिया, ग्रेनेडा, सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस और टोबैगो में चेतावनी पहले से ही लागू है। मार्टिनिक में ट्रॉपिकल स्टॉर्म की चेतावनी लागू है, जबकि डोमिनिका में ट्रॉपिकल स्टॉर्म वॉच लागू की गई है।

बेरिल तूफान का क्या अमेरिका पर पड़ेगा असर?

फॉक्स वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, हरिकेन बेरिल के सबसे नजदीक अमेरिकी क्षेत्र यूएस वर्जिन आइलैंड्स और प्यूर्टो रिको हैं। दोनों ही क्षेत्रों पर नजर नहीं रखी जा रही है। माना जा रहा है कि तूफान का मुख्य प्रभाव द्वीपों के दक्षिण में रहेगा। हालांकि, बारिश की एक श्रृंखला देखने को मिल सकती है। महाद्वीपीय अमेरिकी को हरिकेन बेरिल से कितना खतरा होगा, अभी इस बारे में अनुमान नहीं लग पाया है। अगर खतरा पैदा होता है तो यह शायद एक अलग रूप में दिखाई देगा। फॉक्स वेदर तूफान विशेषज्ञ ब्रायन नॉरक्रॉस ने कहा, "संभावना है कि उच्च दबाव इसे अमेरिका के दक्षिण में रोके रखेगा।" उन्होंने कहा, "अगर उच्च दबाव बहुत जल्दी हट जाता है तो कुछ संभावना है कि तूफान धीमा हो सकता है और संभवतः खाड़ी में जा सकता है।"


from https://ift.tt/WeV2XtQ

Saturday, June 29, 2024

गहलोत राज में मंत्री रहे प्रमोद भाया के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज, जानें क्या है पूरा मामला

बारां : अशोक गहलोत सरकार में खनन मंत्री रहे प्रमोद जैन भाया के खिलाफ बारां में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। भाया के अलावा केस में स्थानीय नगर परिषद की सभापति ज्योति पारस सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं को भी आरोपी बनाया है। यह मुकदमा भारतीय जनता पार्टी के पार्षद शिवराज महावर ने बारां कोतवाली में दर्ज करवाया है। बीजेपी पार्षद महावर ने बारां कोतवाली पुलिस थाने में रिपोर्ट दी गई है। शिकायत में आरोप लगाए है कि सभापति ज्योति पारस ने पति कैलाश पारस, विष्णु गर्ग, राहुल शर्मा ने पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया के पद का लाभ उठाते हुए बारां के अस्पताल रोड पर अग्रवाल धर्मशाला के पास खाली भूमि का नाम मात्र शुल्क में पट्टा बनवाकर फर्जीवाड़ा किया, जबकि वह भूमि करोड़ों की कीमत की है। बारां कोतवाली थानाधिकारी रामबिलास मीणा ने मीडिया से जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बीजेपी पार्षद शिवराज महावर ने पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया, सभापति ज्योति पारस समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दी। इस पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच बृजेश सिंह उपनिरीक्षक को दी है।

सत्ता बदली तो आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमें दर्ज

प्रदेश में सत्ता बदली तो गहलोत सरकार में मंत्री रहे प्रमोद जैन भाया के खिलाफ भाजपा के शासन में सिलसिलेवार पुलिस केस दर्ज करवाए जा रहे हैं। करीब आधा दर्जन के आसपास केस पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया और उनके खेमे के कांग्रेस नेताओं पर दर्ज करवाए जा चुके हैं। ज्यादातर मुकदमे धोखाधड़ी, अवैध खनन, भूमि गबन के हैं। जिन पर कार्रवाई सिफर ही रही है।

कांग्रेस नेताओं की प्रशासन को चेतावनी

बड़ी बात यह भी है कि इन मामलों में अभी यहां तक की कांग्रेस के नेताओं से पूछताछ भी नहीं हुई है। कांग्रेस के नेताओं ने भी बीते दिनों मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश सरकार पर झूठे केस दर्ज करने के आरोप जडे है। कांग्रेस नेताओं ने बारां जिला प्रशासन और पुलिस को हिदायत दी कि झूठे केस दर्ज किए गए तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। बारां जिले में चारों विधानसभा सीटों में भारतीय जनता पार्टी के विधायक जीतकर एमएलए बने हैं। पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया, कांग्रेस जिला अध्यक्ष पानाचंद मेघवाल, पूर्व विधायक निर्मला सहरिया, पूर्व विधायक करण सिंह चुनाव हार गए थे। करण सिंह को छोड़कर अन्य तीनों नेताओं के खिलाफ बीजेपी नेता बारां जिले के अलग-अलग थानों में केस दर्ज करवा रहे है।


from https://ift.tt/bUsoMSR

Friday, June 28, 2024

पहली ही बारिश में पानी-पानी हुई दिल्ली, बीजेपी और कांग्रेस ने AAP पर फोड़ा ठीकरा

नई दिल्ली: मॉनसून की पहली बारिश में ही दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। कई सड़कों पर पानी भर गया और ट्रैफिक भी प्रभावित रहा। इस मामले में अब राजनीति भी तेज हो गई। बीजेपी और कांग्रेस ने राजधानी में जलभराव का ठीकरा आम आदमी पार्टी पर फोड़ा। बीजेपी ने जगह-जगह जलभराव हो जाने और सड़कों पर अराजक स्थिति पैदा हो जाने को लेकर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी सरकार के इस्तीफे की मांग की। वहीं ‘इंडिया’ गठबंधन में आप की सहयोगी कांग्रेस ने भी दिल्ली में आप की सरकार पर विफलता का आरोप लगाया।दिल्ली की जल मंत्री ने दी सफाईसीनियर आप नेता और जल मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 228 मिलीमीटर वर्षा हुई जो जून माह में 1936 से अबतक सर्वाधिक है। उन्होंने कहा, ‘इसका मतलब है कि दिल्ली में कुल मॉनसूनी बारिश (800 मिमी) का 25 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ 24 घंटे में बरसा है। इसके कारण कई इलाकों में नाले उफना गए और पानी निकलने में समय लगा।’बीजेपी ने की आप सरकार से इस्तीफे की मांगबीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पानी की कमी के कारण दिल्ली के तीन महीने तक अराजकता झेलने के बाद अब मॉनसून की तैयारी में आप सरकार की विफलता दर्शाती है कि उसे सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। दक्षिण दिल्ली के बीजेपी सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मांग की कि दिल्ली सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाए । उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी ‘लापरवाही, अक्षमता एवं अकार्यकुशलता के कारण’ शहर में बाढ़ आ गयी है।आतिशी के बंगले में पानी भर जाने पर किया कटाक्षसचदेवा ने आतिशी के बंगले में पानी भर जाने के बाद उनपर कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों का उनपर से भरोसा उठ गया है । उन्होंने आरोप लगाया कि नालों से गाद नहीं निकाले जाने के लिए दिल्ली सरकार और एमसीडी में भ्रष्टाचार जिम्मेदार है और वर्षा से इसे सही साबित कर दिया है । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने अंडरपास में फंसी बस से अग्निशमन कर्मियों द्वारा एक व्यक्ति को बाहर निकाले जाने का वीडियो साझा करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा कि दिल्ली सरकार की इससे बड़ी विफलता क्या हो सकती है।


from https://ift.tt/RijAEpr

Thursday, June 27, 2024

इस समय घूमने के लिए अमेरिका के 10 सबसे अच्छे शहर कौन से? ये है लेटेस्ट लिस्ट

: सीएनएन ने 2024 के लिए अमेरिका के सर्वश्रेष्ठ शहरों की अपनी सूची जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, सर्वश्रेष्ठ शहरों की सूची में अनोखे आकर्षण, सांस्कृतिक समृद्धि और जीवन की असाधारण गुणवत्ता प्रदान करने वाली डेस्टिनेशंस को शामिल किया गया है। अपने विशेष कैरेक्टर और आकर्षण के लिए चुने गए ये शहर छोटे शहरों में जीवन के विभिन्न प्रकार ताने-बाने की एक झलक प्रदान करते हैं। अमेरिका को लेकर जिज्ञासू पर्यटकों के लिए यह वार्षिक सूची मार्गदर्शक के रूप में कार्य कर सकती है। सीएनएन के अनुसार, सबसे अच्छे शहरों का चयन करते समय विभिन्न कारकों पर विचार किया गया, जिनमें प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक महत्व, सांस्कृतिक जीवंतता और जीवन की गुणवत्ता शामिल है। चुने गए शहर देश भर में विभिन्न स्थानों को दर्शाते हैं। प्रत्येक शहर अपने निवासियों और आगंतुकों को कुछ विशेष प्रदान करता है।

यहां इस समय घूमने के लिए 10 सर्वश्रेष्ठ अमेरिकी शहरों की सूची दी गई है-

1. रिचमंड, रोड आइलैंड2. प्रोविडेंस, रोड आइलैंड3. टैकोमा, वाशिंगटन4. पोर्टलैंड, मेन5. सैन लुइस ओबिस्पो, कैलिफोर्निया6. फ्लैगस्टाफ, एरिजोना7. मैकॉन, जॉर्जिया8. ग्रैंड रैपिड्स, मिशिगन9. नॉक्सविले, टेनेसी10. डुलुथ, मिनेसोटासूची के अलावा, एक विशेष शहर साउथ कैरोलिना का ब्यूफोर्ट है, जिसकी अद्भुत तटीय सुंदरता और ऐतिहासिक वास्तुकला समेत कई कारणों के लिए तारीफ की जाती है। रिपोर्ट के अनुसार, ब्यूफोर्ट एक समृद्ध इतिहास और स्वागतपूर्ण वातावरण वाला सबसे आकर्षक दक्षिणी शहर है।


from https://ift.tt/zTEfJjy

Wednesday, June 26, 2024

पश्चिम रेलवे मुंबई और सूरत के उधना स्टेशन से चलाएगा चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, बिहार के यात्रियों को फायदा, देखें टाइम टेबल

मुंबई: पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की मांग और जरूरत को देखते हुए चार जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। रेलवे की तरफ इन चार जोड़ी ट्रेनों का संचालन विभिन्न गंतव्यों के लिए किया जाएगा। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि सभी ट्रेनों के लिए विशेष किराया रखा गया है।ट्रेन संख्या 09009, 09041, 09029 और 09321 की बुकिंग 26 जून, 2024 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी। स्पेशल ट्रेनों की सूची मेंडॉ. अंबेडकर नगर – श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा (त्रि-साप्ताहिक) सुपरफास्ट स्पेशल भी शामिल है। यह ट्रेनें कुल 12 फेरे लगाएगी। 1. ट्रेन संख्या 09009/09010 मुंबई सेंट्रल - अमृतसर स्पेशल (02 फेरे)ट्रेन संख्या 09009 मुंबई सेंट्रल - अमृतसर स्पेशल गुरुवार, 27 जून, 2024 को मुंबई सेंट्रल से 23.30 बजे प्रस्थान करेगी और शनिवार को 10.30 बजे अमृतसर पहुंचेगी। इसी तरह, ट्रेन संख्या 09010 अमृतसर - मुंबई सेंट्रल स्पेशल रविवार, 29 जून, 2024 को अमृतसर से 15.00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 23.55 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, सूरत, भरूच, वडोदरा, आणंद, अहमदाबाद, महेसाणा, पालनपुर, आबू रोड, मारवाड़, अजमेर, जयपुर, अलवर, रेवाड़ी, रोहतक, जींद, जाखल, धुरी, लुधियाना, जालंधर कैंट और ब्यास स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और द्वितीय श्रेणी के सामान्य कोच होंगे। 2. ट्रेन संख्या 09041/09042 उधना - छपरा - वडोदरा साप्ताहिक स्पेशल (04 फेरे) ट्रेन संख्या 09041 उधना - छपरा स्पेशल रविवार, 30 जून और 07 जुलाई, 2024 को उधना से 22.00 बजे प्रस्थान करेगी और मंगलवार को 09.00 बजे छपरा पहुंचेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्‍या 09042 छपरा- वडोदरा स्पेशल मंगलवार, 02 और 09 जुलाई, 2024 को छपरा से 12.00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 19.00 बजे वडोदरा पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में गोधरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, आगरा फोर्ट, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, प्रयागराज छिवकी, बनारस, गाजीपुर सिटी और बलिया स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन संख्या 09041 का सायन और भरूच स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव होगा। इस ट्रेन में स्लीपर क्लास और द्वितीय श्रेणी के सामान्य कोच होंगे। 3. ट्रेन संख्या 09029/09030 उधना – दानापुर - वडोदरा स्पेशल ट्रेन (02 फेरे)ट्रेन संख्या 09029 उधना – दानापुर स्पेशल शनिवार, 29 जून, 2024 को उधना से 22.00 बजे प्रस्थान करेगी और सोमवार को 09.30 बजे दानापुर पहुँचेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 09030 दानापुर- वडोदरा स्पेशल सोमवार, 01 जुलाई, 2024 को दानापुर से 12.30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 21.00 बजे वडोदरा पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में गोधरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, आगरा फोर्ट, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन संख्या 09029 का सायन और भरूच स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव होगा। इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और द्वितीय श्रेणी के सामान्य कोच होंगे। 4. ट्रेन संख्‍या 09321/09322 डॉ. अंबेडकर नगर – श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा (त्रि-साप्ताहिक) सुपरफास्ट स्पेशल (12 फेरे)ट्रेन संख्‍या 09321 डॉ. अंबेडकर नगर – श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा सुपरफास्ट स्पेशल 29 जून से 10 जुलाई, 2024 तक प्रत्येक शनिवार, सोमवार और बुधवार को डॉ. अंबेडकर नगर से 10.30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 16.00 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी। इसी तरह, ट्रेन संख्‍या 09322 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा – डॉ. अंबेडकर नगर सुपरफास्ट स्पेशल 30 जून से 11 जुलाई, 2024 तक प्रत्येक रविवार, मंगलवार और गुरुवार को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से 21.40 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 23.50 बजे डॉ. अंबेडकर नगर पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में इंदौर, देवास, उज्जैन, मक्सी, बेरछा, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल, सीहोर, संत हिरदाराम नगर, भोपाल, विदिशा, गंज बसौदा, बीना, ललितपुर, बबीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, दौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा, फरीदाबाद, हजरत निजामुद्दीन, नई दिल्ली, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, कठुआ, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में एसी 3 टियर, स्लीपर क्लास और द्वितीय श्रेणी के सामान्य कोच होंगे।


from https://ift.tt/ZWpvHJd

Tuesday, June 25, 2024

चोरी कर गुनाह का पश्चाताप करने के लिए जाता था अजमेर शरीफ, ऐसे मुंबई पुलिस के शिकंजे में आया 'सेलिब्रेटी चोर'

मुंबई: चोरी करने के बाद अक्सर चोर उचक्के चोरी की संपति से ऐश मौज करते हैं। लेकिन, विलेपार्ले पुलिस ने चोरी के आरोप में जिस विजय जाधव उर्फ बाटला को अरेस्ट किया, वह गुनाह पर पश्चाताप करने के लिए अजमेर शरीफ जाया करता था। हालांकि, इस बार उसकी यात्रा की भनक जैसे ही विलेपार्ले पुलिस को लगी, जांच अधिकारियों ने जाल बिछाया और बाटला को ट्रेन में चढ़ने से पहले अरेस्ट कर लिया। बाटला के खिलाफ विले पार्ले (पूर्व) में दिवंगत कामघर उत्कर्ष सभा के नेता गुलाब जोशी के पोते हिरेन जोशी के घर से डेढ़ लाख रुपये कैश और 43.75 लाख रुपये के आभूषण चुराने के आरोप लगे हैं।पुख्ता रेकी के बाद चोरी जांच अधिकारियों ने बताया कि बाटला चोरी करने से पहले इलाके की रेकी किया करता था। इसके लिए बाकायदा उसने एक नेटवर्क बना रखा था जो मुख्य रूप से नामचीन हस्तियों के परिवार के सदस्यों के आने जाने समेत अन्य गतिविधियों पर नजर रखता था। 21 जून को जोशी का परिवार भी गोवा की यात्रा पर थे। इसकी जानकारी बाटला को अपने नेटवर्क के जरिए मिल गया थी। इसका फायदा उठा कर उसने जोशी के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चूंकि, जोशी के घर की देखभाल करने की जिम्मेदारी उनके केयरटेकर शिवाजी भारती के जिम्मे था। इसलिए भारती ने चोरी के बारे जोशी के पिता महेश जोशी (71) को बताया। मामला हस्ती से जुड़ा हुआ था। आनन फानन में अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर विलेपाले पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने लगी। इस दौरान एक सिपाही ने बाटला को उसके चलने के खास तरीके से पहचान लिया। एक अधिकारी ने बताया कि चूंकि, बाटला इससे पहले भी चोरी की घटनाओं में पकड़ा गया है। उसकी पहचान 'सेलिब्रिटी चोर' के रूप में है, क्योंकि इसके खिलाफ 16 ऐसे अपराध दर्ज हैं, जिनमें उसने बॉलीवुड अभिनेताओं के घरों को निशाना बनाया था। उसके खिलाफ़ जुहू, वर्सोवा, ओशिवारा और विलेपार्ले थाने में चोरी के मामले दर्ज हैं। सभी मामलों में पीड़ित नामचीन हस्तियां ही हैं।बिना सुरक्षा वाले घर होते थे टारगेट विजय जाधव उर्फ बाटला की गिरफ्तारी में मुंबई पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने मार्गदर्शन किया। जोन 8 के डीसीपी दीक्षित गेडाम, एसीपी जॉर्ज फर्नांडिस लगातार सक्रिय रहे है। इसके बाद विलेपार्ले की सीनियर पीआई रेणुका बुवा के नेतृत्व में पीआई गोपाल भोसले की टीम ने बाटला को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर उसके दोस्तों के पास से चोरी की संपत्ति बरामद की। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाटला उन घरों को निशाना बनाया करता था, जिन घरों में सुरक्षा ग्रिल नहीं होते थे। वह स्लाइडिंग और खिड़कियों के जरिए घर में घुसता था। जोशी के घर में भी घुसने के लिए वह पास के एक मंदिर पर चढ़ गया था। पुलिस ने जिस मामले में विजय जाधव उर्फ बाटला को अरेस्ट किया है। पुलिस ने उसे महज छह घंटे में सुलझाने का दावा किया है।


from https://ift.tt/971JjM6

Monday, June 24, 2024

संसद में किसको उठाने सीट छोड़कर दौड़ पड़े अखिलेश यादव, देखें वीडियो

लखनऊ: 18वीं लोकसभा के के पहले दिन राष्ट्रगान के बाद चुने गए सांसदों ने लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। पहले दिन सपा अध्यक्ष पत्नी के साथ संसद पहुंचे। उनके एक साथ में संविधान, तो दूसरे हाथ में अयोध्या से जीते अवधेश प्रसाद का हाथ था। किसी ने अंग्रेजी, किसी ने हिंदी, तो किसी ने संस्कृत में शपथ ली। कन्नौज से चुने गए सांसद शपथ लेने के बाद अपनी सीट पर बैठे पार्टी के सांसदों से बात कर थे। इसी दौरान शपथ लेने के लिए बिहार काराकाट लोकसभा सीट से जीते सांसद राजा राम सिंह जा रहे थे, जैसे ही वह सीढ़ियों से उतर रहे थे कि लड़खड़ा गए। राजा राम सिंह को लड़खड़ाता देख सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तुरंत दौड़ पड़े। हालांकि, सांसद राजा राम सिंह ने खुद को संभाल लिया। अखिलेश यादव ने उनसे उनका हाल पूछा और अपनी सीट पर जाकर बैठ गए। राजा राम सिंह ने काराकाट से निर्दलीय प्रत्याशी एवं भोजपुरी स्टार पवन सिंह को हराकर संसद पहुंचे हैं। सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव के इस वीडियो को लोग खूब शेयर कर रहे हैं और उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं। बता दें कि इस बार सपा ने यूपी की 37 सीटें जीती हैं, जिसमें सपा परिवार से पांच सांसद संसद पहुंचे हैं। अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल यादव, अक्षय यादव, धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव चुनाव जीतकर संसद पहुंचे हैं।


from https://ift.tt/lKmoM3X