Wednesday, November 29, 2023

ईरान ने अमेरिका को धमकाया, कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के ऊपर ड्रोन उड़ाया, वीडियो भी दिखाया

तेहरान: ईरान ने मध्य पूर्व में बढ़ती अमेरिकी सैन्य उपस्थिति के खिलाफ एक वीडियो जारी कर शक्ति प्रदर्शन किया है। इस वीडियो को ईरानी ड्रोन से फिल्माया गया है, जिन्होंने अमेरिकी युद्धपोत के ऊपर उड़ान भरी। बड़ी बात यह है कि ईरानी ड्रोन की उड़ान का अमेरिकी युद्धपोतों को पता तक नहीं चला। इसे मध्य पूर्व में अमेरिकी नौसेना के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा है। ईरान ने पिछले कुछ साल में ड्रोन टेक्नोलॉजी में काफी प्रगति की है, जो अमेरिकी नौसेना को परेशान करने के लिए काफी है। रूस-यूक्रेन युद्ध में भी ड्रोन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

अमेरिकी युद्धपोतों के ऊपर ईरान ने उड़ाए ड्रोन

वीडियो में ईरानी ड्रोन को अमेरिकी युद्धपोतों पर निशाना साधते हुए दिखाया गया है। इस दौरान अमेरिकी युद्धपोत होर्मुज जलडमरूमध्य के खतरनाक पानी से होकर फारस की खाड़ी में प्रवेश कर रहे थे। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड नेवी के कमांडर ने इस ड्रोन फुटेज को अमेरिकी नौसेना के प्रमुख विमानवाहक पोत यूएसएस ड्वाइट डी. आइजनहावर के लिए चेतावनी करार दिया है। यह अमेरिकी नौसेना का पहला विमानवाहक पोत है, जो सितंबर 2020 के बाद से फारस की खाड़ी में पहुंचा है। यह मध्य पूर्व में व्यापक अमेरिकी तैनाती का हिस्सा था क्योंकि इजरायल-हमास युद्ध के कारण अभी भी व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष भड़कने का खतरा है।

ईरान ने ड्रोन से अमेरिकी बेड़े की जासूसी की

ईरानी ड्रोन खतरनाक तरीके से ड्वाइट डी आइजनहावर कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के करीब उड़े। इस कैरियर ग्रुप में विमानवाहक पोत के अलावा अमेरिकी गाइडेड मिसाइल क्रूजर और विध्वंसक के साथ-साथ एक फ्रांसीसी नौसेना का विध्वंसक भी शामिल है। इन्हें फ्रांसीसी लड़ाकू जेट विमानों का हवाई समर्थन भी हासिल है। ईरान के सरकारी मीडिया चैनल तस्नीम ने कहा कि ईरानी ड्रोनों ने "मानवरहित और मानवयुक्त खुफिया प्रणालियों" का उपयोग करके अमेरिकी बेड़े की "निगरानी" की। हालांकि, अमेरिकी नौसेना ने बताया कि स्ट्राइक ग्रुप ने अपनी गश्त सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।

अमेरिकी नौसेना ने क्या कहा

अमेरिकी नौसेना के कमांडर रियर एडमिरल मार्क मिगुएज ने कहा कि इस महत्वपूर्ण जलडमरूमध्य से हमारा गुजरना और क्षेत्र में निरंतर उपस्थिति नेविगेशन की स्वतंत्रता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है जो क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता की कुंजी है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया की सबसे बड़ी शिपिंग लेन में से एक है।


from https://ift.tt/FXdLzVM

Tuesday, November 28, 2023

आपत्तिजनक टिप्पणी करने की शिकायत युवक की पत्नी से की तो महिला पर डाल दिया तेजाब

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के अंतर्गत नरायच में मंगलवार को एक ही मकान में किराये पर रह रहे दो परिवारों में मामूली विवाद हो गया। विवाद में एक व्यक्ति ने महिला के ऊपर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह झुलस गई। पुलिस ने बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।पुलिस ने बताया कि नरायच क्षेत्र की बघेल बस्ती स्थित लालता प्रसाद के मकान में गजेंद्र सिंह और अमित अग्रवाल सपरिवार किराये पर रहते हैं। आरोप है कि गजेंद्र, अमित के परिवार की महिला पर आपत्तिजनक टिप्पणी करता था, जिसकी शिकायत मंगलवार को महिला ने गजेंद्र की पत्नी से कर दी। पुलिस ने बताया कि इससे नाराज गजेंद्र ने घर में रखी तेजाब से भरी बोतल उठाई और बर्तन मांज रही महिला के ऊपर फेंक दिया, जिससे वह झुलस गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।एसीपी छत्ता राकेश कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।


from https://ift.tt/W0hwgGP

Monday, November 27, 2023

ओलावृष्टि-बेमौसम बारिश से गुजरात में मरने वालों की संख्या 20 पहुंची, गृह मंत्री अमित शाह ने जताया शोक, जानें क्या है अपडेट

अहमदाबाद: के विभिन्न हिस्सों में हुई बेमौसम बारिश के दौरान बिजली गिरने से 20 लोगों की मौत हो गई है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के विभिन्न शहरों में खराब मौसम और बिजली गिरने से लोगों की मौत होने पर शोक व्यक्त किया और कहा कि स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के एक अधिकारी के अनुसार, गुजरात के विभिन्न हिस्सों में वर्षाजनित हादसों में अब तक 20 लोगों की मौत होने की सूचना मिली है। इन सभी लोगों की मौत बेमौसम बारिश के दौरान बिजली गिरने से हुई।कहां कितनी मौतें हुईं? एसईओसी अधिकारी ने बताया कि दाहोद जिले में चार, भरूच में तीन, तापी में दो और अहमदाबाद, अमरेली, बनासकांठा, बोटाद, खेड़ा, मेहसाणा, पंचमहल, साबरकांठा, सूरत, सुरेंद्रनगर और देवभूमि द्वारका में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। शाह ने रविवार रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि गुजरात के विभिन्न शहरों में खराब मौसम और बिजली गिरने से कई लोगों की मौत होने की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस त्रासदी में अपने प्रियजन को खोने वाले लोगों को जो अपूरणीय क्षति हुई, उसके लिए मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा हुआ है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।मौसम विभाग ने दिया अनुमान भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि 28 नवंबर को बारिश कम होने की संभावना है। एसईओसी द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, गुजरात की 252 तालुका में से 234 में रविवार को बारिश हुई। सूरत, सुरेंद्रनगर, खेड़ा, तापी, भरूच और अमरेली जिलों में 16 घंटे में 50-117 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और फसल को नुकसान हुआ। राजकोट के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हुई।


from https://ift.tt/6tR7Lkm

Sunday, November 26, 2023

इजरायल से जुड़ा तेल टैंकर हाईजैक, चालक दल में भारतीय भी शामिल, क्या हूतियों ने फिर किया हमला?

दुबई: हमलावरों ने रविवार को अदन के तटीय क्षेत्र के पास इजराइल से संबंधित एक टैंकर को बंधक बना लिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। टैंकर के चालक दल के सदस्यों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। किसी भी समूह ने टैंकर को बंधक बनाने की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन हाल के दिनों में कम से कम दो अन्य समुद्री हमलों को इजराइल-हमास युद्ध से जोड़ा गया है। कंपनी और निजी जासूसी फर्म ‘एम्बरे’ ने बताया कि हमलावरों ने जॉडियक मैरीटाइम की ओर से संचालित टैंकर ‘सेंट्रल पार्क’ को अदन की खाड़ी में बंधक बनाया है।एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने भी टैंकर को बंधक बनाए जाने की पुष्टि की है। जॉडियक ने समुद्री लुटेरों की ओर से हमला किए जाने की आशंका जताई है। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘हमारी प्राथमिकता टैंकर पर सवार चालक दल के 22 सदस्यों की सुरक्षा है। चालक दल में भारतीय, तुर्किये, रूस, वियतनाम, बुल्गारिया, जॉर्जिया और फिलीपीन के नागरिक शामिल हैं।’ लंदन की कंपनी जॉडियक मैरीटाइम इजराइली अरबपति ईयाल ओफर के जॉडियक समूह का हिस्सा है।

हमले के पीछे कौन

यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि हमले के पीछे किसका हाथ है। निकटवर्ती अदन पर यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार से संबद्ध बलों और सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन का नियंत्रण है, जो वर्षों से यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों से लड़ रहा है। अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि अज्ञात बंधूकधारियों ने टैंकर पर कब्जा कर लिया है। अधिकारी ने कहा, ‘अमेरिका और गठबंधन सेनाएं आसपास हैं और हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।’

पहले भी जहाज बनाए गए निशाना

ईरान और इजराइल के बीच वर्षों से जारी शीतयुद्ध के बीच जॉडियक मैरीटाइम को पहले भी निशाना बनाया गया है। 2021 में एक ड्रोन के जरिये जॉडियक के तेल टैंकर ‘मर्कर स्ट्रीट’ पर हमला किया गया था, जिससे चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई थी। अमेरिका तथा अन्य पश्चिमी देशों का मानना था कि हमले के लिए ईरान जिम्मेदार था। ब्रिटिश सेना के ‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस’ ने हाल में नाविकों को क्षेत्र में सेना जैसी वर्दी पहने हुए करीब आठ लोगों को एक जहाज पर सवार होकर घूमते हुए दिखाई दिए जाने के संबंध में आगाह किया था।


from https://ift.tt/W2sHFTo

Saturday, November 25, 2023

26/11 की 15वीं बरसी पर बीजेपी का कांग्रेस पर वार, आतंकवाद को पालने का लगाया आरोप

नई दिल्ली : मुंबई पर हुए 26/11 आतंकी हमले की 15वीं बरसी पर उस भयावह आतंकी हमले को याद करते हुए भाजपा ने तत्कालीन यूपीए सरकार, तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस ने आतंकवाद को सतत पालने का काम किया है। जबकि, ने आतंकवाद की जड़ पर प्रहार किया है। इसी का परिणाम है कि आज आतंकी संगठन कश्मीर के अलावा भारत के अन्य शहरों में आतंकी वारदातें करने में डरे हुए हैं। मुंबई से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने 26/11 के भयावह आतंकी हमले को याद करते हुए आईएएनएस से कहा कि 26/11 को हुए आतंकी हमले से पहले संसद में तत्कालीन रक्षा मंत्री एके एंटनी ने स्वयं कहा था कि इस तरह की खुफिया जानकारी भारत सरकार के पास थी कि सागर तट से भारत के किसी बड़े महानगर में आतंकी हमला हो सकता है। लेकिन, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त नहीं किया गया और 26/11 के हमले में सैकड़ो निर्दोष भारतीय और वैश्विक नागरिकों का नरसंहार हुआ। भाजपा प्रवक्ता ने मुंबई पर हुए उस आतंकी हमले का कठोर जवाब पकिस्तान को नहीं देने का आरोप लगाते हुए यह भी दावा किया कि उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से एयरफोर्स के तत्कालीन चीफ ने पूछा भी था कि कराची के जिस कमांड सेंटर से लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों को कमांड दिया जा रहा था, भारतीय वायु सेना पाकिस्तान के कराची स्थित उस कमांड सेंटर पर हमला कर सकती है। लेकिन, उस समय के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उन्हें ऐसा करने की इजाजत नहीं दी। 2014 में नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद हालात बदलने का दावा करते हुए भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद दो बड़ी आतंकवादी घटनाएं हुई - उरी और पुलवामा। इसके बाद जिस तरह से आतंकवाद के समूल नाश के लिए कार्रवाई की गई, उससे आतंकियों के हौसले पस्त हुए। मोदी सरकार ने सिर्फ पाकिस्तान में घुसकर ही आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, बल्कि म्यांमार में भी घुसकर पूर्वोत्तर भारत में आतंकवाद फैला रहे आतंकी संगठनों की कमर तोड़ने का काम किया। जिसका परिणाम यह हुआ कि आतंकवादी आज भारत पर हमला करने से डरते हैं। उन्होंने आगे कहा कि बहुत सारे आतंकवादियों की जिस तरह से अज्ञात लोग पाकिस्तान और कनाडा में हत्या कर रहे हैं और पाकिस्तान की सरकार एवं पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई उन हत्याओं का आरोप भारत की खुफिया एजेंसी पर लगा रही है, उससे भी यह साफ दिख रहा है कि आतंकवादी चाहे पाकिस्तान में बैठा हो या कनाडा में बैठा हो, उसको भारत की एजेंसियो से डर लगने लगा है। जिसके कारण कश्मीर के अलावा अन्य किसी स्थान पर आतंकी कार्रवाई करने से आतंकी घबराते हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को सतत पालने का काम ही यूपीए और उसकी पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकारों ने किया था। चाहे 1980 का दशक रहा हो, चाहे 1990 का दशक रहा हो या 2000 का दशक रहा हो, कांग्रेस ने लगातार आतंकवाद को पोषित करने का ही काम किया। जबकि, मोदी सरकार ने आतंकवाद की जड़ पर प्रहार किया है। लेकिन, 15 साल बीत जाने के बावजूद 26/11 आतंकी हमले के जिम्मेदार आतंकवादियों को अभी तक सजा क्यों नहीं मिल पाई? इस सवाल का जवाब देते हुए प्रेम शुक्ल ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय कानून के अनुसार ही इन आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई होगी क्योंकि अन्य देशों में जो इन आतंकवादियों को प्रश्रय प्राप्त है, उन देशों की कानून के अनुसार ही काम होगा। लेकिन, आतंकवाद के खिलाफ भारत की मुहिम जारी है। संयुक्त राष्ट्र महासभा, जी-20, ब्रिक्स और शंघाई सहयोग संगठन सहित तमाम वैश्विक मंचों पर आतंकवाद के विरुद्ध विमर्श तैयार करने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


from https://ift.tt/G4SYQEo

Friday, November 24, 2023

घरवालों को खाने में खिलाया नशीला पदार्थ, नकदी और जेवर लेकर फरार हुई नवविवाहिता

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में नवविवाहिता ने पति सहित सभी परिवारवालों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। उसके बाद हजारों की नकदी और जेवरात समेत लाखों का माल लेकर रफू चक्कर हो गई। पति के शिकायती पत्र के बाद मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जहानाबाद थाना क्षेत्र के कुल्लीहार गांव निवासी जीतू साहू की शादी हमीरपुर के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के गांव बदनपुर की रहने वाली शालिनी के साथ बीते अगस्त में हुई थी। आरोप है कि गत गुरुवार रात शालिनी ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के सभी लोगों को खिला दिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद सभी लोग बेहोश हो गए। इस बीच महिला ने घर में रखे 30 हजार रुपये नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर घर से निकल गई। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर में शालिनी नहीं थी। घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। यह देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। वहीं, अलमारी में रखें नकदी और जेवरात भी गायब थे, तब जाकर घटना की जानकारी हुई। इसके बाद परिजनों ने आसपास रिश्तेदारियों के गांव में शालिनी की खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता ना चला। एसएचओ अनिरुद्ध द्विवेदी ने बताया कि महिला के पति ने शिकायती पत्र दिया है। मामले की जांच की जा रही है।


from https://ift.tt/q0ifNoG

Thursday, November 23, 2023

कानपुर: कासगंज एक्सप्रेस की बोगी में लगी आग, यात्रियों ने ट्रेन से कूद कर बचाई जान

कानपुर: यूपी के कानपुर से एक दिल दहलाने वाली घटना प्रकाश में आई है। गुरूवार शाम बिल्हौर के सुभानपुर गांव के पास कासगंज एक्सप्रेस (15039) की बोगी में आग लग गई। बोगी में धुंआ उठना देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चलती ट्रेन में आग लगने की भनक जैसे ही यात्रियों को हुई, सभी कूद कर जान बचाने लगे। फायर सेफ्टी सिलिंडर के मदद से आग पर काबू पाया गया है। जानकारी के मुताबिक बिल्हौर रेलवे स्टेशन बरेली मंडल में आया है। टेक्निकल टीम को मौके पर रवाना किया गया है।कानपुर के अनवरगंज रेलवे स्टेशन से एक्सप्रेस ट्रेन फर्रूखाबाद की तरफ जा रही थी। इसी दोरान बोगी के निचले हिस्से से प्रेशर के साथ धुआं निकले लगा। बोगी में आग लगने की सूचना पर ड्राइवर ने गाड़ी रोक दी। स्थानीय लोगों ने राहगीरों की मदद से फायर सेफ्टी सिलिंडर से आग पर काबू पाया। एक्सप्रेस में लगने की सूचना पर बिल्हौर समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। इसके साथ ही कई एंबुलेंस को भी रवाना कर दिया। हालांकि गनिमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।

नहीं हुई कोई भी जनहानि

मीडिया सेल ने बयान जारी किया है कि ट्रेन कानपुर फर्रूखाबाद जा रही थी। इंजन के पीछे चौथे नंबर की बोगी में प्रेसर लीक हो जाने के कारण ब्रेस शू चिपक गए थे। इसकी वजह से बोगी के निचले हिस्से से धुआं उठने लगा। मौके पर किसी प्रकार की जनहानि और संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है। गाड़ी को अपनी गंतव्य की तरफ रवाना कर दिया गया है।


from https://ift.tt/XY1e2BA